याचिका में कहा गया है कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों की योजना हमेशा पहले से नहीं बनाई जा सकती, क्योंकि विरोध-प्रदर्शन सरकार के किसी अचानक लिए गए फैसले वगैरह के जवाब में भी हो सकता है।

केंद्र सरकार ने तीन दिन पहले यानी 11 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन वाले स्थानों की लिस्ट से बाहर कर दिया था और उसकी जगह तीन नए स्थानों को प्रोटेस्ट साइट के रूप में दर्जा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के इस फैसले का कांग्रेस समेत कई संगठन विरोध कर रहे हैं। अब जंतर-मंतर की ये लड़ाई सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी है। केंद्र सरकार के 11 अक्टूबर के आदेश को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत में एक रिट याचिका दायर की गई है। यह याचिका वकील स्वाति सिंह ने दायर की है। उनका तर्क है कि विरोध-प्रदर्शनों को दूर-दराज के इलाकों में ले जाने से शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होने और अभिव्यक्ति की आजादी के मौलिक अधिकार बेअसर हो सकते हैं।
याचिका में कहा गया है कि विरोध-प्रदर्शन का अधिकार सिर्फ किसी तय जगह पर इकट्ठा होने का अधिकार नहीं है; यह अपनी शिकायतें बताने, असहमति जाहिर करने और सरकारी अधिकारियों और समाज का ध्यान उन मुद्दों की ओर खींचने का अधिकार है, जिन पर कार्रवाई की जरूरत है। इसलिए, विरोध-प्रदर्शन की जगह कोई मामूली प्रशासनिक बात नहीं है। याचिका में कहा गया है कि संबंधित संस्थानों से उसकी नजदीकी, जनता की पहुँच और जिन लोगों तक बात पहुँचानी है, उनकी नजर में आना, ये सब सीधे तौर पर विरोध-प्रदर्शन की प्रभावशीलता पर असर डाल सकते हैं।
SOP अभी जारी नहीं किए गए हैं
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, याचिकाकर्ता ने अपनी अर्जी में ‘मजदूर किसान शक्ति संगठन बनाम भारत संघ (2018)’ मामले का हवाला दिया है और तर्क दिया है कि यह कार्रवाई मनमानी और प्रक्रिया के लिहाज से अधूरी है। खासकर इसलिए क्योंकि नई तय जगहों के लिए संशोधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) अभी जारी नहीं किए गए हैं, जिससे विरोध-प्रदर्शन के अधिकार का इस्तेमाल करने का ढांचा अनिश्चित और अधूरा रह गया है।
प्रदर्शनों की योजना हमेशा पहले से नहीं बनाई जा सकती
याचिका में कहा गया है कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों की योजना हमेशा पहले से नहीं बनाई जा सकती, क्योंकि विरोध-प्रदर्शन सरकार के किसी अचानक लिए गए फैसले वगैरह के जवाब में भी हो सकता है। इसलिए, नई जगहों तक पहुंचने के लिए SOP को नजरअंदाज़ नहीं किया जा सकता। आवेदन में लिखा गया है, “इस स्टैंडिंग ऑर्डर को इस आधार पर भी चुनौती दी जा सकती है कि यह जंतर-मंतर को तुरंत प्रशासनिक असर के साथ हटा देता है, जबकि तीन तय जगहों के लिए विस्तृत और संशोधित SOP अलग से जारी किए जाने हैं। नतीजतन, स्टैंडिंग ऑर्डर पहली नजर में ही मौजूदा व्यवस्था को बदल देता है, बिना यह बताए कि नई जगहों तक पहुँचने के लिए पूरी प्रक्रिया क्या होगी।”
याचिकाकर्ता ने दलील दी है कि किसी मौजूदा जगह को हटाने वाले नोटिफिकेशन को सिर्फ इसलिए विरोध-प्रदर्शन के अधिकार को बनाए रखने वाला नहीं माना जा सकता कि वैकल्पिक जगहें तय कर ली गई हैं, खासकर तब जब उन जगहों तक पहुँचने के लिए विस्तृत इंतजाम बाद में आने वाले SOP पर छोड़ दिए गए हों। यह रिट याचिका लक्ष्य सैनी, वकील तुषार गुप्ता और स्वाति सिंह ने दायर की है और इस पर सीनियर वकील मुक्ता गुप्ता और वकील नंदिता राव बहस करेंगी।








