Ghaziabad AQI: गाजियाबाद में हवा लगातार ‘जहरीली’ हो रही है। आलम ये है कि देश के टॉप-5 प्रदूषित जिलों में गाजियाबाद का नाम शामिल है। बीते 3 दिन से AQI कितना है आइए जानते हैं।
Ghaziabad AQI: गाजियाबाद लगातार तीन दिनों से देश का पांचवां सबसे प्रदूषित जिला बना हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 12 नवंबर को 338, 13 नवंबर को 368 तो 14 नवंबर को 352 दर्ज किया गया है, जिससे यह देश का पांचवां, तीसरा और चौथा सबसे प्रदूषित जिला बना गया।
ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण के तहत अपनाए गए प्रतिबंधों के बावजूद प्रदूषण में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी से निवासी परेशान हैं और कई तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं।
क्या-क्या बोले शहर के निवासी?
वसुंधरा के निवासी देवेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि प्रशासन ग्रैप के प्रतिबंधों को जमीनी स्तर पर ठीक से लागू करने में नाकामयाब है। वसुंधरा के सेक्टर 14 और सेक्टर 15 और इंदिरापुरम के कई हिस्सों में अब भी कचरे के ढेर मौजूद हैं। इसके अलावा पाइपलाइनों के लिए खुदाई के दौरान निकले मिट्टी के ढेर को सड़क किनारे रख दिया जाता है जिससे प्रदूषण होता है।
वहीं संदीप गुप्ता ने एक्स पर जिला मजिस्ट्रेट और नगर निगम को टैग करते हुए ट्रांस-हिंडन एरिया के प्रदूषण को लेकर चिंता जताई। वहीं शहर के ही एक अन्य निवासी अभिनव संह ने आरोप लगाया कि जब प्रदूषण का स्तर बहुत खराब हो जाता है, तो एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम ही काम करना बंद कर देते हैं।
प्रदूषण को लेकर कई अन्य निवासियों ने दावा किया कि इंदिरापुरम में मौजूद एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम में दो दिन पहले तकनीकी खराबी आ गई थी, जबकि इलाके में प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा आंका गया था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।
पलूशन कंट्रोल बोर्ड का क्या जवाब?
उत्तर प्रदेश पलूशन कंट्रोल बोर्ड के रिजनल ऑफिसर अंकित सिंह ने बताया कि ग्रैप के तीसरे चरण के तहत लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन की शिकायतें मिली हैं, जिसपर प्रदूषण विभाग ने एक्शन भी लिया है। बोर्ड की ओर बनाई गई एक टीम नियमों का उल्लंघन न हो इसके लिए हर एरिया में निगरानी कर रही है।
कहां सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज
एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम के आंकड़ों के अनुसार, गोविंदपुरम, लोनी, नई तहसील लोनी, संजय नगर, वसुंधरा और वेव सिटी में प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा दर्ज किया गया है।
वहीं डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मंदार ने शिक्षा विभाग को हवा की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।
स्कूलों को लेकर निर्देश पहले से हैं जारी
बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ पी यादव ने बताया है कि ग्रैप का तीसरा चरण लागू होने के बाद से कक्षा नर्सरी से लेकर 5वीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में कक्षाएं चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं।







