बैग में टिकट, हाथ खाली… फिर टीटी ने यात्री को कहा अंगूठाछाप; वीडियो वायरल होते ही रेलवे में हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share करें

✓ Link copy हो गया!
झांसी स्टेशन पर टिकट दिखाने में देरी पर महिला टीटी ने यात्री श्रवण कुमार को कथित तौर पर अपमानित किया। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।

टिकट बैग में था और हाथ में नहीं। बस इतनी सी बात पर झांसी स्टेशन पर ऐसा हंगामा खड़ा हुआ कि अब रेलवे को जांच बैठानी पड़ गई। एक यात्री का आरोप है कि महिला टीटी ने उसे सबके सामने बेइज्जत किया। उसे अनपढ़ कहा और स्टेशन छोड़ देने की धमकी भी दी। मामला 8 नवंबर का है। वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर कर्नाटक एक्सप्रेस रुकी थी। लखनऊ के रहने वाले श्रवण कुमार इसी ट्रेन से झांसी पहुंचे थे। उनके साथ दो साथी भी थे। तभी एक महिला टीटी ने उन्हें रोका और टिकट दिखाने को कहा।

श्रवण के मुताबिक वे 6 नवंबर को आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से ट्रेन नंबर 12627 के स्लीपर कोच में सवार हुए थे। काउंटर से लिया हुआ टिकट उनके पास था। लेकिन वह सामान के बीच कहीं दब गया था और झटपट हाथ नहीं आया। श्रवण ने टीटी से कहा कि सीट और कोच नंबर देखकर हैंड हेल्ड टर्मिनल पर पीएनआर जांच लें। आरोप है कि टीटी ने यह बात नहीं मानी। उलटे तीनों को अपने साथ स्टाफ ऑफिस चलने को कहा।

श्रवण का कहना है कि वहां रेलवे स्टाफ के सामने उन्हें नीचा दिखाया गया। कुछ देर बाद उन्हें असली टिकट मिल गया और उन्होंने दिखा भी दिया। मगर बात यहीं खत्म नहीं हुई। बहस बढ़ती गई। इसी बीच श्रवण ने अपने मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।

वीडियो में क्या सुनाई देता है

वायरल वीडियो में महिला टीटी कथित तौर पर कहती हैं कि यहां से सीधे निकल जाओ। वे यह भी कहती सुनी जाती हैं कि दोबारा इस स्टेशन पर दिखे तो अच्छा नहीं होगा। श्रवण ने बताया कि उन्हें लखनऊ जाना है और उन्होंने मोबाइल पर ऑनलाइन टिकट भी बुक कर रखा है। इस पर टीटी ने कथित रूप से पूछा कि क्या तुम बिना टिकट सफर करोगे। उन्होंने यह भी कहा कि कन्फर्मेशन के बिना ट्रेन में चढ़ा नहीं जाता। फिर उन्होंने श्रवण को अंगूठाछाप कह दिया। आरोप है कि इसके बाद टीटी का लहजा और तीखा हो गया। वीडियो में वे कहती हैं कि तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है। साथ ही यह भी कि अभी बिजी न होती तो बता देती कि मैं क्या चीज हूं।

 

Red 7 News 24
Author: Red 7 News 24

Leave a Comment

और पढ़ें