
मोदीनगर में गाजियाबाद-सहारनपुर रेलवे लाइन पर प्रस्तावित फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज यानी ROB निर्माण को लेकर प्रभावित व्यापारियों की समस्या अब प्रशासन के सामने पहुंच गई है। महाकाली मार्केट, इंदिरा कॉम्प्लेक्स और राजा कॉम्प्लेक्स, हापुड़ रोड के व्यापारियों की दुकानों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। 10 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन वर्षों से कारोबार कर रहे व्यापारियों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ना न्यायसंगत नहीं है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इन बाजारों में बड़ी संख्या में व्यापारी पिछले करीब 40 से 50 वर्षों से अपनी दुकानें संचालित कर रहे हैं और इन्हीं दुकानों से अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। कांग्रेस के मुताबिक कई दुकानदार लंबे समय से वैध किरायेदार के रूप में कारोबार कर रहे हैं और उनके पास किरायानामा, किराया रसीद, बिजली बिल और अन्य संबंधित दस्तावेज भी मौजूद हैं। ऐसे में प्रस्तावित ROB निर्माण के कारण दुकानों के हटने की स्थिति में इन व्यापारियों के सामने रोजगार और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं है। रेलवे ओवरब्रिज जैसे जनहित के प्रोजेक्ट जरूरी हैं, लेकिन विकास की कीमत किसी छोटे या मध्यम व्यापारी की पूरी आजीविका उजाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दशकों से दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले व्यापारियों को अचानक बेरोजगार छोड़ देना सामाजिक और न्यायसंगत दृष्टि से उचित नहीं होगा।

कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित सभी व्यापारियों का निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे कराया जाए। उनके किरायानामा, किराया रसीद, बिजली बिल और अन्य दस्तावेजों को रिकॉर्ड में शामिल कर उनकी स्थिति और अधिकारों का परीक्षण किया जाए। कांग्रेस का कहना है कि यदि परियोजना के लिए दुकानों को हटाना आवश्यक है तो उससे पहले प्रभावित व्यापारियों के लिए सामूहिक वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि व्यापारियों को ऐसी वैकल्पिक दुकानें या उपयुक्त व्यावसायिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, जहां वे अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें। इसके साथ ही विस्थापन से होने वाले आर्थिक नुकसान के लिए उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता भी दी जाए। कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि वैकल्पिक व्यावसायिक स्थल उपलब्ध कराए बिना किसी व्यापारी को उजाड़ने या दुकान हटाने की कार्रवाई न की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन, रेलवे विभाग और प्रभावित व्यापारियों के बीच बैठक कराने की भी मांग की है, ताकि व्यापारियों की आपत्तियों और सुझावों पर चर्चा कर समाधान निकाला जा सके। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि व्यापारियों के वर्षों पुराने कारोबार और उनके पास मौजूद दस्तावेजों को ध्यान में रखते हुए मानवीय और न्यायपूर्ण नीति के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि व्यापारी विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर दशकों से कारोबार कर रहे परिवारों की रोजी-रोटी खत्म करना भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि ROB निर्माण की प्रक्रिया के दौरान प्रभावित व्यापारियों के भविष्य और उनकी आजीविका का भी ध्यान रखा जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने और प्रभावित व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मुआवजा, वैकल्पिक दुकान और पुनर्वास की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों के साथ खड़ी है और जब तक प्रभावित दुकानदारों को न्यायपूर्ण पुनर्वास, उचित आर्थिक सहायता और उनके अधिकारों का संरक्षण नहीं मिलता, तब तक इस मुद्दे को प्रशासन के सामने मजबूती से उठाया जाता रहेगा।
इस दौरान व्यापारी प्रतिनिधियों के रूप में अमित गुप्ता, रूबी मलिक, अरुण चौधरी, मनोज वर्मा, अरविंद चौधरी, नरेश शर्मा, विनीत शर्मा, किशन लाल, बिजेंद्र सिंह, पवन कुमार खटाना, ज्ञानेश्वर खटाना, यूसुफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों में रिजवान मलिक, राजू शर्मा, राजकुमार शर्मा, सीमा, नजमीन, इरफान नेताजी, बाबूराम सहित अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। खबर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता द्वारा प्रेषित की गई।








