जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने भेंट किया फरसा, स्वागत के बाद मुरादाबाद सम्मेलन के लिए रवाना हुआ कांग्रेस नेताओं का काफिला

गाजियाबाद, 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा का मुरादाबाद में आयोजित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सम्मेलन में शामिल होने के लिए जाते समय गाजियाबाद के डासना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में डीसीएम फैक्ट्री के सामने फुट ओवरब्रिज के नीचे आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों, नगर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा को फरसा भेंट किया और राजनीतिक शत्रुओं के विनाश का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
स्वागत समारोह में राजेश गुप्ता, बीएस नेगी, लालाराम लोधी, अजय शर्मा, रविंद्र एडवोकेट, उमेश त्यागी, विनोद थम, प्रमोद शर्मा एडवोकेट, सुशांत गोयल, लोकेश चौधरी, तरुण शर्मा, रिजवान मलिक, सविता गौतम, आशुतोष गुप्ता, रूबी मलिक, राजू शर्मा, अनवर कुरैशी, विश्वदीप त्यागी, श्रीपाल सिंह, नेम त्यागी, सुनील शर्मा, संजीव शर्मा, देवदास शर्मा, पन्नालाल शर्मा और राजीव शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह एवं एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
स्वागत कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कांग्रेस के जिम्मेदार पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के साथ मुरादाबाद में आयोजित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सम्मेलन में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।








