
गाजियाबाद में सोमवार को पुलिस ने ‘आपकी पुलिस आपके द्वार’ अभियान चलाकर घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने करीब 10 हजार लोगों से संपर्क किया। उनकी शिकायतें और सुझाव जानकर समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने का भरोसा दिया। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायत लेकर थाने जाने की परेशानी से राहत देना और पुलिस-जनता के बीच संवाद मजबूत करना है।
अभियान के तहत कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें लोगों के घर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने उन लोगों से भी बातचीत की, जो किसी कारण थाने नहीं जा पाते या अपनी समस्या बताने में हिचकिचाते हैं। लोगों को बताया गया कि वे किसी भी परेशानी की स्थिति में मौखिक या लिखित रूप से शिकायत दे सकते हैं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति किया जागरूक
अभियान के साथ कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनमें अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों में महिला पुलिसकर्मियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। पुलिस ने महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, ऐसे अभियानों के जरिए आम लोगों की समस्याएं सुनने, उन्हें सहायता उपलब्ध कराने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।








