
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में रास्ते में हुई कहासुनी के बाद 17 साल के विनेश की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
दरअसल, 26 सितंबर को विनेश के साथ हुई घटना के संबंध में उसके परिजनों की ओर से तहरीर दी गई थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चश्मदीदों से जानकारी जुटाई। फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर तीन नाबालिकों की भूमिका सामने आई।
ACP अमरदीप मौर्या ने बताया कि विनेश रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी तीनों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक बाल अपचारी ने चाकू निकालकर विनेश पर हमला कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने विनेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच में तीनों के नाम सामने आने के बाद 27 सितंबर को उन्हें बाल कल्याण अधिकारी की निगरानी में संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में भी जानकारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








