गाजियाबाद में सोमवार सुबह एक हार्डवेयर कारोबारी का लहूलुहान शव भट्ठे के पास झाड़ियों में मिला। कारोबारी रविवार शाम से लापता थे। उनके शरीर पर चाकू से कई वार के निशान मिले हैं।

सुबह करीब 10 बजे शव मंडोला क्षेत्र में मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आशंका है कि कारोबारी की हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
विनोद गुप्ता (42) की ट्रोनिका सिटी में हार्डवेयर की दुकान है। घर में पत्नी बबीता, दो बेटे कार्तिक और सागर हैं। वह रविवार शाम दुकान से घर नहीं लौटे थे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक व्यक्ति भैंस चराने के लिए जंगल की ओर गया। वहां उसने झाड़ियों में विनोद का शव पड़ा देखा।
सूचना मिलते ही डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी लोनी राम किशन और ट्रोनिका सिटी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
साथ ही, परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विनोद रविवार शाम से लापता होने के बाद कहां गए थे और उनके साथ क्या हुआ।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि हार्डवेयर कारोबारी विनोद गुप्ता का शव पुस्ता चौकी क्षेत्र में भट्ठे के पास मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।








