Baghpat Road Accident: बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप वाहन तेज रफ्तार में जा रहा था। अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

बागपत: यूपी के बागपत में के बड़ा गांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 32 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। बताया गया कि पिकअप में सवार सभी लोग राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर अपने गांव अलाहपुर, थाना उझानी (बदायूं) लौट रहे थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना खेकड़ा पुलिस, चार पीआरवी वाहनों और एम्बुलेंस टीम के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल तीन अस्पतालों में पहुंचाया गया। सभी घायल लोग सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत में भर्ती है। इनमें से कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।








