गाजियाबाद। शहर के रियल एस्टेट क्षेत्र को नई दिशा देने की पहल करते हुए सेगेशियस इनसाइट्स ग्रुप (Sagascious Insights Group) ने शहर में पहली बार “रियल एस्टेट प्रमोटर्स मीट” का सफल आयोजन किया। इस आयोजन में गाजियाबाद के रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े प्रमुख बिल्डर्स, डेवलपर्स, निवेशक, उद्योगपति एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गाजियाबाद के विधायक श्री संजीव शर्मा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य सुरेश कश्यप, नगर निगम गाजियाबाद के पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गाजियाबाद के रियल एस्टेट उद्योग की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

सेगेशियस इनसाइट्स ग्रुप के निदेशक डॉ. हिमांशु तलवार ने इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि समूह का उद्देश्य गाजियाबाद के रियल एस्टेट व्यवसाय को एक संगठित एवं सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि समूह द्वारा “सिंगल विंडो सपोर्ट सिस्टम” विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से गाजियाबाद के रियल एस्टेट व्यवसायों को इनवर्ड (Inbound) एवं आउटवर्ड (Outbound) निवेश से संबंधित सभी आवश्यक सहयोग एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। डॉ. तलवार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य निवेशकों, डेवलपर्स, वित्तीय संस्थानों, कानूनी सलाहकारों, आर्किटेक्ट्स, मार्केटिंग विशेषज्ञों एवं अन्य हितधारकों को एकीकृत कर रियल एस्टेट क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है। उनका कहना था कि यह मंच केवल निवेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परियोजना नियोजन, साझेदारी, वित्तीय संरचना, ब्रांडिंग तथा व्यावसायिक विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डॉक्टर तलवार ने आगे जानकारी दी कि सेगेशियस इनसाइट्स ग्रुप वर्तमान में गाजियाबाद, एनसीआर, सवाई माधोपुर, अमृतसर सहित देश के विभिन्न शहरों में अनेक महत्वाकांक्षी रियल एस्टेट परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। आगामी समय में समूह द्वारा आवासीय, वाणिज्यिक, निवेश एवं मिश्रित उपयोग (Mixed-Use) परियोजनाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों एवं डेवलपर्स के लिए नए निवेश अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
डॉ. हिमांशु तलवार के अनुसार गाजियाबाद में रियल एस्टेट क्षेत्र की अपार संभावनाओं को देखते हुए यह आवश्यक है कि सभी डेवलपर्स, निवेशक, प्रशासन एवं उद्योग जगत एक साझा मंच पर आकर कार्य करें। सेगेशियस इनसाइट्स ग्रुप इसी सोच के साथ एक ऐसा सशक्त नेटवर्क तैयार कर रहा है, जो गाजियाबाद को राष्ट्रीय स्तर पर रियल एस्टेट निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गाजियाबाद के रियल एस्टेट उद्योग के लिए एक सकारात्मक एवं दूरदर्शी कदम बताया। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे संवादात्मक एवं उद्योग-केंद्रित आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया। यह आयोजन गाजियाबाद के रियल एस्टेट क्षेत्र में सहयोग, निवेश, नवाचार एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।










