“सड़क बनी आग का गोला! गैस पाइपलाइन में रिसाव से मची अफरा-तफरी, दमकल ने संभाला मोर्चा”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share करें

✓ Link copy हो गया!

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब टीलामोड़ थाना क्षेत्र के भोपुरा मार्ग स्थित ओक्सी होम सोसाइटी के सामने अचानक गैस पाइपलाइन में आग लग गई। सड़क के बीचोंबीच पाइपलाइन से निकलती ऊंची-ऊंची आग की लपटों को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे अचानक गैस पाइपलाइन से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जबकि अन्य लोगों ने तत्काल दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और गैस कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही गैस कंपनी के कर्मचारियों ने पाइपलाइन की गैस सप्लाई बंद कर दी, जिससे आग स्वतः बुझ गई और बड़ी दुर्घटना टल गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। गैस कंपनी के अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि पाइपलाइन में लीकेज कहां और किस वजह से हुआ। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया और लोगों को आग वाली जगह से दूर रहने की सलाह दी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, लेकिन स्थिति सामान्य होते ही ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित कर दिया गया। फिलहाल मौके पर किसी प्रकार के जाम की स्थिति नहीं है।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। समय रहते गैस सप्लाई बंद होने और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल गैस कंपनी और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Red 7 News 24
Author: Red 7 News 24

Leave a Comment

और पढ़ें