गाजियाबाद। गाजियाबाद के मेरठ रोड स्थित नंदग्राम तिराहे के पास शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नामचीन डीपीएसजी (Delhi Public School Ghaziabad) की एक स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त बस में कोई भी स्कूली बच्चा सवार नहीं था। चालक ने भी समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना सुबह करीब 9:26 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो फायर टेंडर मौके पर रवाना की गईं। घटनास्थल पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि बस पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी और आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने होज लाइन और होज रील की मदद से चारों ओर से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
घटना के दौरान मेरठ रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बस में लगी भीषण आग और आसमान में उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि बस खाली होने और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है।











