राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी नबील के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की हैं। कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

जामा मस्जिद थाने के भीतर और चितली कबर इलाके में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी नबील (30) के खिलाफ पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें दो मुकदमे जामा मस्जिद थाने में लूट और हत्या के प्रयास के आरोप में दर्ज किए गए हैं। वहीं, चितली कबर इलाके में पुलिस टीम पर हमले के मामले में चांदनी महल थाने में हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज हुई है।
ड्रग्स तस्कर गिरोह और आतंकी कनेक्शन की होगी जांच
दूसरी ओर, आरोपी की मां और बहन ने उनको परेशान करने की शिकायत की थी। पुलिस अब आरोपी की नशे की आदत और उसे मादक पदार्थ मुहैया कराने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके तार किसी ड्रग्स तस्कर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। आतंकी कनेक्शन समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को हुई इस वारदात में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इनमें से तीन की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नबील को नशे की खेप कहां से मिलती थी और वह किन लोगों के संपर्क में था।
नबील के खिलाफ दरियागंज थाने में दर्ज है पहले से मामला
इसके अलावा हमले में इस्तेमाल किए गए चाकू के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नबील के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में भी एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
मध्य पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि नबील ने कमर के पास चाकू छिपा रखा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि थाने में दाखिल होते समय उसकी तलाशी क्यों नहीं ली जा सकी। इसके अलावा पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हमले को अंजाम देने के लिए पहले से साजिश रची थी या फिर उसने अचानक गुस्से में आकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।








