गाजियाबाद में युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास:पत्नी और छह साल की बेटी के लापता होने से परेशान था, अस्पताल में भर्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share करें

✓ Link copy हो गया!

गाजियाबाद। पत्नी और छह साल की बेटी 26 दिन से लापता हैं। उनकी तलाश में कभी थाने के चक्कर काटे तो कभी अधिकारियों के दरवाजे खटखटाए। डीजीपी कार्यालय तक गुहार लगाई। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की, लेकिन मां-बेटी का सुराग नहीं मिला। व्यवस्था से निराश आशीष पांडेय का सब्र मंगलवार को जवाब दे गया। उन्होंने नंदग्राम में पिंक बूथ चौकी के पीछे सुनसान स्थान पर अपने ऊपर डीजल उड़ेलकर आग लगा ली।

झुलसा आशीष पांडेय।
आशीष को लपटों में घिरा देखकर आसपास के लोगों ने नाले में धकेलकर उनकी जान बचाई। इसके बाद परिजन उनको ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार आशीष करीब 25 प्रतिशत तक झुलसे हैं। फिलहाल, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मूलरूप से आजमगढ़ के निजामाबाद क्षेत्र के गांव बिसेसरपुर निवासी आशीष पांडेय वर्तमान में नंदग्राम स्थित टेंपो स्टैंड के पास गली नंबर दो में परिवार के साथ रहते हैं। आशीष के मुताबिक, उनकी पत्नी कंचन छह वर्षीय बेटी गौरी को लेकर 28 अक्तूबर को घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। उन्होंने अगले दिन 29 अक्तूबर को नंदग्राम थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने मां-बेटी की गुमशुदगी एक नवंबर को दर्ज की। इसके बाद आशीष लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन दोनों का पता नहीं चला।
आशीष का आरोप है कि पत्नी-बेटी की तलाश के लिए थाना प्रभारी से लेकर डीजीपी कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल तक गुहार लगाई, लेकिन उन्हें सिर्फ इंतजार करना पड़ा। मंगलवार दोपहर वह पेट्रोल पंप से बोतल में डीजल लेकर आए और खुद को आग लगा ली। सूचना पर पहुंचे उनके भाई अनिल पांडेय ने एंबुलेंस बुलाई, जो काफी देर तक घटनास्थल नहीं मिलने के कारण लौट गई। इसके बाद परिजन उन्हें ऑटो से जिला अस्पताल ले गए।

—-
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जिला अस्पताल में आशीष ने बताया कि पत्नी और बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद वह नंदग्राम थाना प्रभारी से मिलने पहुंचे तो शुरुआत में संतरी ने मिलने नहीं दिया। बाद में थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच पिंक बूथ पर तैनात उपनिरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई है। आशीष का आरोप है कि जांच अधिकारी से मिलने के बाद भी उन्हें पत्नी और बेटी की तलाश को लेकर कोई ठोस भरोसा नहीं मिला। छह नवंबर को वह लखनऊ स्थित डीजीपी कार्यालय पहुंचे। वहां से नंदग्राम थाना प्रभारी को फोन कर गुमशुदगी के मामले को अपहरण में तरमीम करने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। इतने स्तरों पर गुहार लगाने के बाद भी मां-बेटी का पता नहीं चलना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
—-
जोधपुर जाने के लिए कहा, फिर ऐन वक्त पर टाल दिया
आशीष का दावा है कि 11 नवंबर को उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। पत्नी ने खुद को चंडीगढ़ में रिश्ते के भाई के पास होना बताया था और जल्द लौटने की बात कही थी। आशीष ने इसकी जानकारी जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार को दी। उनके मुताबिक, उपनिरीक्षक ने मोबाइल फोन की लोकेशन जोधपुर में मिलने की बात कही और 23 नवंबर को वहां जाने के लिए गाड़ी का इंतजाम करने को कहा। आशीष का आरोप है कि वह गाड़ी का इंतजाम कर 23 नवंबर को चौकी पहुंचे तो उपनिरीक्षक ने तबीयत खराब होने की बात कहकर जाने से मना कर दिया। —-
सहकर्मियों के मजाक और अपनों के तानों ने भी तोड़ा
आशीष का कहना है कि पत्नी और बेटी के घर से जाने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थे। वह घंटाघर स्थित बालाजी ट्रेडर्स में काम करते हैं। घटना के बाद से सहकर्मी उनका मजाक उड़ाने लगे थे। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के तानों ने भी उन्हें आहत किया।
—-
दूसरे समुदाय के युवक के साथ देखा था पत्नी को
आशीष का आरोप है कि पत्नी को एक पार्क में दूसरे समुदाय के युवक के साथ देखा था। उन्हें आशंका है कि वही युवक पत्नी और बेटी को अपने साथ ले गया है। आशीष के चार बच्चे हैं। इनमें कृष्णा (14), सोनाक्षी (12), जाह्नवी (9) और गौरी (6) शामिल हैं।

Red 7 News 24
Author: Red 7 News 24

Leave a Comment

और पढ़ें