‘हनुमान अंश’ की टीम से मिले CM योगी आदित्‍यनाथ, शोभ‍िनव सत्‍या बोले- मैं मंदिर में रुका, ग्रामीणों का खाना खाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share करें

✓ Link copy हो गया!
‘हनुमान अंश’ की बॉक्‍स ऑफिस पर बंपर सफलता के बीच, टीम ने यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात की है। इस दौरान CM को फिल्‍म की कुछ झलक‍ियां भी दिखाई गईं। दूसरी ओर, फ‍िल्‍म के लीड एक्‍टर शोभ‍िनव सत्‍या ने बताया क‍ि वह शूट पर मंद‍िर में रुके थे, ग्रामीणों का द‍िया खाना खाते थे।
CM योगी आदित्‍यनाथ से मिली ‘हनुमान अंश’ की टीम, शोभ‍िनव सत्‍या बोले- मैं मंदिर में रुका, ग्रामीणों का खाना खाया

लखनऊ। नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन को लेकर चर्चा में है। महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 33 दिनों में 143.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने का दावा किया है। फिल्म की कमाई को देखते हुए इसे इस साल की सबसे चौंकाने वाली बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल किया जा रहा है।

इसी बीच फिल्म की टीम ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की तस्वीरें साझा की गईं, जबकि इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है। फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और पर्दे पर नीम करोली बाबा यानी महाराज जी का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या ने मुख्यमंत्री को फिल्म की विषयवस्तु, उसके निर्माण और आध्यात्मिक यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

‘हनुमान अंश’ अभिनेता शोभिनव सत्या के लिए भी बेहद खास फिल्म बताई जा रही है। खास बात यह है कि शुरुआत में उन्हें फिल्म के मुख्य किरदार के लिए चुना ही नहीं गया था, लेकिन बाद में उन्हें महाराज जी की भूमिका निभाने का मौका मिला। अभिनेता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान वह गांव में ही एक मंदिर में रुके थे। वह गांव वालों के साथ रहते, उनके द्वारा दिया गया खाना खाते और धीरे-धीरे स्थानीय लोगों के साथ उनका ऐसा जुड़ाव हो गया कि एक समय के बाद गांव के लोग उनसे आशीर्वाद लेने भी लगे।

फिल्म की टीम के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। मुलाकात के दौरान फिल्म के आध्यात्मिक पक्ष और नीम करोली बाबा से जुड़ी इसकी कहानी पर चर्चा हुई। अब फिल्म की सफलता के साथ-साथ मुख्यमंत्री से हुई यह मुलाकात भी ‘हनुमान अंश’ को लेकर चर्चा का नया विषय बन गई है।

Red 7 News 24
Author: Red 7 News 24

Leave a Comment

और पढ़ें