गाजियाबाद में ट्रोनिका सिटी की बैग फैक्ट्री में भीषण आग, ऊंची लपटों से दहशत, फायर टेंडरों ने तोड़ी दीवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share करें

✓ Link copy हो गया!
Ghaziabad Fire: गाजियाबाद की बैग फैक्‍ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है। दमकल कर्मियों को अंदर पहुंचकर आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद फैक्ट्री के पीछे की दीवार तोड़ी गई।
गाजियाबाद की फैक्‍ट्री में आग

गाजियाबाद: ट्रोनिका सिटी के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बैग बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग भड़क गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों ने आसपास के इलाके में दहशत पैदा कर दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग सेक्टर ए-3 स्थित आर एंड आर आईएनसी कॉरपोरेशन की बैग बनाने वाली फैक्ट्री में लगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि रात करीब 10 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की करीब 12 गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए। फैक्ट्री के अंदर बैग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और प्लास्टिक आदि होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास के लोगों में भी आग की भयावहता को देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फैक्‍ट्री की दीवार तोड़कर बनाया गया रास्‍ता

राहुल पाल के मुताबिक, फैक्ट्री पूरी तरह से कवर थी, जिसकी वजह से दमकल कर्मियों को अंदर पहुंचकर आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद फैक्ट्री के पीछे की दीवार तोड़ी गई। रास्ता बनने के बाद दमकल कर्मियों ने अंदर लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल विभाग ने आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया, लेकिन शेड के नीचे आग के कुछ हिस्से फंसे हुए थे। इन्हें बुझाने के लिए लगातार कूलिंग की गई। पीछे की तरफ जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर अंदर तक पानी पहुंचाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू किया जा सका।

शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में लगी आग इतनी भयंकर थी कि उसे बुझाने के लिए शाहिबाद, वैशाली, घंटाघर और नोएडा से फायर टेंडर मंगाने पड़े।

30 अगस्‍त को भी लगी थी आग

औद्योगिक क्षेत्र में आग की यह घटना कुछ दिन में सामने आई दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 अगस्त को साहिबाबाद के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में पांडा बेबी प्रोडक्ट्स की खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। वहां आग बुझाने के लिए दमकल की करीब 10 गाड़ियां लगाई गई थीं।

Red 7 News 24
Author: Red 7 News 24

Leave a Comment

और पढ़ें