सोनीपत के अंकित बालियान हत्याकांड के बाद एनकाउंटर में मारे गए सुमित के पिता धर्मपाल ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सुमित मोहित केसंपर्क में आने के बाद अपराध की दुनिया में गया था. पिता ने एनकाउंटर पर सवाल उठाने के साथ छोटे बेटे यशपाल को थर्ड डिग्री टॉर्चर देने का आरोप लगाया और आत्महत्या की चेतावनी दी है.

हरियाणा के सोनीपत में अंकित बालियान हत्याकांड के बाद एनकाउंटर में मारे गए सुमित के परिवार ने अब मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी है. सुमित के पिता धर्मपाल ने एक तरफ अपने बेटे के अपराध की दुनिया में जाने की पूरी कहानी बताई, तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठाए. उनका कहना है कि सुमित, मोहित के संपर्क में आने के बाद अपराध की दुनिया में गया था. वहीं, पिता अपने छोटे बेटे यशपाल के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित गलत व्यवहार से सबसे ज्यादा परेशान हैं.
धर्मपाल के मुताबिक, उनका बेटा सुमित 12वीं कक्षा की एक परीक्षा में पास नहीं हो पाया था. इसके बाद वह अपने पिता के साथ मजदूरी का काम करता था. परिवार के मुताबिक, करीब ढाई महीने पहले सोनीपत में हुए ट्रिपल मर्डर के बाद सुमित मोहित के संपर्क में आया था. इसके बाद मोहित का उनके घर पर आना-जाना शुरू हो गया. परिवार लगातार सुमित को मोहित के साथ रहने से मना करता था, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा.
सुमित के पिता ने बताया कि बीती 26 अगस्त को सुमित के पास एक फोन आया था. हालांकि, मोहित ने सुमित की फोन पर बात नहीं करवाई. परिवार को मोहित ने सिर्फ इतना बताया कि सुमित चला गया है. लेकिन वह कहां गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी कोई जानकारी परिवार को नहीं दी गई. धर्मपाल का कहना है कि उन्हें यह भी नहीं पता कि सुमित अपराध की दुनिया में पैसे के लालच में गया था या उस पर किसी तरह का दबाव था. परिवार के अनुसार, सुमित जब घर से निकला था तो वह अपने कपड़े लेकर गया था और कपड़े बदलकर निकला था. इसके बाद परिवार को उसके बारे में पूरी जानकारी नहीं मिली. अब सुमित के एनकाउंटर के बाद उसके पिता ने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी बात सामने रखी है.








