
गाजियाबाद। जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी एमएमजी अस्पताल पहुंचे और स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए की गई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
एमएमजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। वार्ड में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयों के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से अस्पताल में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गाजियाबाद में अब तक स्वाइन फ्लू के 9 मामले सामने आए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इनमें से किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर या क्रिटिकल नहीं है। सभी मरीजों का फिलहाल घर पर ही इलाज चल रहा है और स्वास्थ्य विभाग उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जिलाधिकारी के अस्पताल निरीक्षण के दौरान स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, ऑक्सीजन व्यवस्था और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जानकारी ली गई। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पहले से तैयार रखा जा रहा है।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों को भी स्वाइन फ्लू के मामलों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले में सामने आने वाले मामलों की निगरानी की जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य संबंधी कदम उठाए जा सकें।
जिलाधिकारी के मुताबिक, स्वाइन फ्लू का समय पर पता चलने और उचित उपचार मिलने पर मरीजों के ठीक होने की संभावना रहती है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है और नए मामलों की स्थिति में SOP (Standard Operating Procedure) के तहत कार्रवाई करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से भी स्वास्थ्य संबंधी किसी तरह के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।








