अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके एक साथी की झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात के बाद लौटते समय पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुआ, जिसमें तीन अन्य घायल हो गए।

झांसी। कुख्यात माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा एक और बड़ा घटनाक्रम गुरुवार को झांसी में सामने आया। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने आ रहे अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार सवार 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
इसकी पुष्टि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने करते हुए बताया कि पूंछ क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में हुए सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे की भी मौत हुई है। साथ में उसके एक दोस्त सोनू की भी जान चली गई। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खिल्ली में डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खिल्ली में डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
अतीक परिवार का झांसी से तीसरी बार जुड़ा बड़ा घटनाक्रम
अतीक अहमद के परिवार का नाम झांसी में इससे पहले भी दो बड़े घटनाक्रमों से जुड़ चुका है। अतीक अहमद के बेटे असद अहमद का एनकाउंटर 13 अप्रैल 2023 को झांसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित परीछा नहर के पास हुआ था। यह कार्रवाई एसटीएफ ने की थी। असद के साथ उसके सहयोगी गुलाम हसन भी मारा गया था। दोनों उमेश पाल हत्याकाण्ड में वांछित थे और उन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों के पास से आधुनिक हथियार बरामद किए थे।
इसके बाद दूसरे बेटे अली अहमद को झांसी जिला जेल में रखा गया। अब उसी अली से मिलने आते समय सबसे छोटे बेटे अबान के हादसे का शिकार होने की खबर ने पूरे प्रदेश का ध्यान झांसी की ओर खींच दिया है।










