सपा के वरिष्ठ नेता नाहर सिंह यादव ने पुलिस से सत्यम पंडित पर एनएसए लगाने की मांग की है। यह भी कहा कि अधिकारियों का दायित्व कुछ लोगों को गुंडा बनाकर संरक्षण देना नहीं है।

Anand Vishwakarma,गाजियाबाद: सपा के वरिष्ठ नेता और बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नाहर सिंह यादव ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई है। इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में वह गाजियाबाद के डीएम और पुलिस कमिश्नर को जनता के हित में काम करने की सलाह देते हुए कई तीखे बयान देते नजर आए हैं। इसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
नाहर सिंह यादव ने दिल्ली में आंदोलन से लौट रहे छात्रों की पिटाई करने वाले सत्यम पंडित पर एनएसए लगाने और जेल भेजने की मांग करते हुए कमिश्नर को खुली चेतावनी दी है। वीडियो में नाहर सिंह यादव कह रहे- डीएम और पुलिस कमिश्नर सरकार और जनता के नौकर हैं। अधिकारियों का दायित्व जनता की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि कुछ लोगों को गुंडा बनाकर संरक्षण देना।
‘जानते ही हो हम सपाई हैं, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता’
नाहर सिंह यादव ने आगे कहा- ‘सत्यम पंडित जैसे दो-तीन लोग हैं, पुलिस इन्हें खुद ठीक कर ले। कमिश्नर से भी कह दिया है कि सत्यम जैसे गुंडों को गिरफ्तार कर उस पर एनएसए लगाए। वरना आधे घंटे में इनके हाथ-पैर बंधवाकर इनके दफ्तर में डलवा देंगे। जानते ही हो हम सपाई हैं, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता, न हम इनसे डरते हैं।’ यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का केंद्र बन गया है।
‘क्या ये इनके बाप की सरकार है’
इसी दौरान यादव कलेक्ट्रेट परिसर में पहले से मौजूद धरना स्थल को दोबारा शुरू करने और वहां से पार्किंग हटाने की मांग भी करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि धरना स्थल नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे प्रशासन ने बंद कर दिया है। नाराजगी व्यक्त करते हुए नाहर सिंह यादव कह रहे- ‘कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद वर्ष 2022 से अब तक केवल पांच दिन के लिए ही धारा-144 हटाई गई है। क्या हर धरना, अधिकारियों से मिलने, प्रदर्शन या जुलूस निकालने के लिए भी प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। क्या ये इनके बाप की सरकार है। इस तरह की व्यवस्था लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाने जैसी है।’
पूर्व सांसद डीपी यादव के हैं करीबी
आपको बता दें कि नाहर सिंह यादव गाजियाबाद की राजनीति और कचहरी की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह कई बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। पूर्व सांसद डीपी यादव के भी बेहद करीबी रहे हैं। नाहर सिंह यादव अपनी दबंगई के लिए भी जाने जाते हैं।










