मसूरी क्षेत्रांतर्गत एनएच नौ सर्विस रोड पर रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब इन्मेंटेक कालेज के पास पीडब्ल्यूडी गोदाम के सामने संतर में करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का किसी भारी वस्तु मारकर मुंह कुचला शव बरामद हुआ। मसूरी पुलिस को रविवार सुबह 10 बजे सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया, पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया।

प्रारम्भिक जांच में घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या किसी भारी पत्थर से मारपीट कर की गई है, हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का खुलासा मेडिकल परिक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन का सुराग मिल सके। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय चौकीदारों से भी पूछताछ कर रही है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के पीछे क्या कारण रहा। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में मिले इस अज्ञात शव की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।










