गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरने से रेल सेवाएं प्रभावित हो गईं. 53 ट्रेनों पर असर पड़ा है, जिनमें 16 ट्रेनों को रद्द, 24 को डायवर्ट और 5 को आंशिक रूप से रद्द किया गया है.

गाजियाबाद-दिल्ली के यात्री ध्यान दें! साहिबाबाद रेल हादसे से 53 ट्रेनें प्रभावित; 16 रद्द, 24 डायवर्ट
गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरने से रेल सेवाएं प्रभावित हो गईं. 53 ट्रेनों पर असर पड़ा है, जिनमें 16 ट्रेनों को रद्द, 24 को डायवर्ट और 5 को आंशिक रूप से रद्द किया गया है.

Goods Train Derailment Delhi: दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया, जब एक मालगाड़ी के छह लदे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए. दुर्घटना साहिबाबाद से नई दिल्ली की ओर लगभग एक किलोमीटर पहले हुई, जिसके चलते इस व्यस्त रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया. हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया. उत्तर रेलवे के अनुसार घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि इस घटना का असर व्यापक रहा और कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिनमें कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा.
मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाजियाबाद और नई दिल्ली के बीच चल रही एक मालगाड़ी के छह लोडेड वैगन अचानक पटरी से उतर गए. हादसे के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया. डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM), एडीआरएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कराया गया.
कोई जनहानि नहीं, लेकिन रेल यातायात प्रभावित
उत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है. हालांकि दुर्घटना के कारण दिल्ली-गाजियाबाद रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा.










