गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन भवन का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय पास से गुजर रहे वैशाली स्थित परिषदीय विद्यालय के तीन छात्र उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों बच्चों को मलबे से निकालकर पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में किसी छात्र के सिर पर तो किसी के कंधे पर चोट आई है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन भवनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताई। उनका कहना है कि रिहायशी इलाकों में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










