हिंडन नदी में अचानक पानी बढ़ने से गाजियाबाद का सिटी फॉरेस्ट डूब गया है। पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में हिंडन नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की जा रही है।

संवाददाता आनंद विश्वकर्मा,गाजियाबाद: उत्तराखंड की पहाड़ियों में लगातार हो रही बारिश और गंगा में बढ़े जलस्तर का असर अब गाजियाबाद तक पहुंच गया है। हिंडन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद करहेड़ा स्थित सिटी फॉरेस्ट में बाढ़ का पानी भर गया है। हालात को देखते हुए जीडीए ने शनिवार से सिटी फॉरेस्ट को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे साहिबाबाद के विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने सिटी फॉरेस्ट और हिंडन नदी के किनारे प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था में तेजी लाने, प्रभावित इलाकों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर रखने के लिए भी कहा गया।

पर्यटकों पर लगाई गई रोक
हिंडन नदी का जलस्तर शनिवार को काफी ज्यादा बढ़ गया। पिछले चार दिनों से सिटी फॉरेस्ट में लगातार पानी भर रहा है और अब इसका आधे से अधिक हिस्सा जलमग्न हो चुका है। शुक्रवार को सिटी फॉरेस्ट की पुलिस चौकी में भी पानी घुस गया था, जबकि इससे पहले कैंटीन को बंद करना पड़ा था। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि पानी निकलने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही सिटी फॉरेस्ट दोबारा खोला जाएगा।
किसानों की बढ़ीं मुश्किलें
बाढ़ का पानी अब करहेड़ा की शिवम कॉलोनी के आसपास तक पहुंच चुका है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने मंत्री से मिलकर बचाव कार्य तेज कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। वहीं, सिटी फॉरेस्ट के आसपास खेती करने वाले किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंच रहा है और कई परिवार पलायन कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
एडीएम पहुंचे मौके पर 18 बाढ चौकियां बनाई गईं
ग्रेटर नोएडा में हिंडन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल है। डीएम के निर्देश पर एडीएम ने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। 18 वार्ड चौकियों सहित स्वास्थ्य विभाग, प्राधिकरण, विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें अलर्ट पर हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में अनाउंसमेंट कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है। नदी का पानी कई घरों तक पहुंच चुका है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए।










