Ghaziabad PHD Student Suicide: गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। प्रतीक विहार सोसायटी की 27वीं मंजिल से छात्र कूदा था।

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से छात्र के आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसायटी की है। सोसायटी की 27वीं मंजिल से गिरकर पीएचडीए छात्र की आत्महत्या मामले ने सनसनी मचा दी। छात्र के 27वीं मंजिल से गिरने के बाद सोसायटी कैंपस में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस बल ने पहुंच कर घटना की जांच शुरू की है। मामला मंगलवार शाम करीब 7 बजे का बताया जा रहा है। घटना को लेकर आए सीसीटीवी की चर्चा हो रही है। इसमें पीएचडी छात्र को अकेले ही सीढ़ियों से ऊपर जाता देखा जा सकता है।
क्या है पूरा मामला?
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रतीक ग्रांड सिटी सोसायटी से घटना सामने आई है। सोसायटी के टावर सी-4 की 27वीं मंजिल से 23 वर्षीय युवक के कूदने की घटना सामने आई है। युवक ने सोसायटी से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव ग्राउंड फ्लोर पर लिफ्ट के सामने ओपन एरिया में पड़ा मिला
घटना सामने आते ही मौके पर विजयनगर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त राजस्थान के जोधपुर के रासला रोड निवासी वैभव सिंह पुत्र अमित सिंह निवासी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है
मृतक की हुई पहचान
मृतक युवक की पहचान वैभव सिंह के रूप में हुई है। मृतक की बुआ संध्या और फूफा परमेंद्र के साथ रहने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि वैभव पिछले करीब एक सप्ताह से अपने बुआ-फूफा के फ्लैट में रह रहा था। वह दिल्ली के दीन दयाल कॉलेज से पीएचडी कर रहा था। घटना की जानकारी राजस्थान में उसके माता-पिता को दे दी गई है।
एसीपी सिटी कोतवाली उपासना पांडेय ने घटना को लेकर कहा कि मंगलवार देर शाम वी टावर सी-4 के यूजी फ्लोर पर लिफ्ट के सामने ओपन एरिया में लोगों ने एक युवक के शव को पड़ा देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। युवक की पहचान कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।









