रामपार्क में बिजली ना आने से जनता ने रामपार्क मुख्य बाजार के तिराहे को किया जाम, सैंकड़ो की संख्या में लोग इकठा हो कर बिजली विभाग के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे हैं।

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र स्थित रामपार्क के खानपुर मोड़ पर रविवार दोपहर सैकड़ों कॉलोनी वासियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
सिद्ध बाबा मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम लगने से हालांकि यातायात पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ा, क्योंकि वाहन गलियों से होकर अपने गंतव्य तक पहुँच रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करती रही।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बिजली न होने के कारण घरों में नहाने और पीने के पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अघोषित बिजली कटौती ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी उनके फोन नहीं उठाते हैं। उन्होंने बताया कि कई शिकायतों के बाद शनिवार को कुछ देर के लिए बिजली आई थी, लेकिन रात से फिर से आपूर्ति ठप हो गई।
रविवार दोपहर करीब 11 बजे आक्रोशित लोगों ने पास पड़े सीवर के पाइपों से मार्ग अवरुद्ध कर दिया। रामपार्क चौकी प्रभारी रमेश चंद्र खोखर मौके पर पहुँचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस संबंध में रामपार्क बिजली घर के अवर अभियंता ने बताया कि क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसकी व्यवस्था की जा रही है और शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।










