एसआईटी ने रामलला चढ़ावा चोरी मामले में धर्म सेना अध्यक्ष संतोष दुबे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जानकारी ली है।
अयोध्या। चढ़ावा चोरी के मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धर्म सेना के अध्यक्ष संतोष दुबे से आवश्यक जानकारी हासिल की है।
रामलला के चढ़ावा चोरी का प्रकरण सामने आने के साथ संतोष दुबे राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के घोर आलोचक बने हुए हैं।
हालांकि उनके ट्रस्ट पर आरोप चढ़ावा चोरी तक ही नहीं है, वह ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई भूमि पर भी सवाल उठा रहे हैं और उनका आरोप है कि ट्रस्ट ने भूमि खरीद में करोड़ों की हेराफेरी की है।
ट्रस्ट ने सोमवार को संतोष दुबे को चढ़ावा चोरी से संबंधित साक्ष्य के साथ लखनऊ बुलाया है। संतोष दुबे आज एसआईटी को ट्रस्ट के खिलाफ सबूत सौंपेंगे।
कौन हैं संतोष दुबे?
संतोष दुबे धर्म सेना के अध्यक्ष हैं और राम जन्म भूमि मुक्ति आंदोलन से भी जुड़े रहे हैं। साथ ही वह विवादित ढांचा गिराए जाने के आरोपी भी रहे हैं।
एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सार्वजनिक
बता दें कि एसआईटी की प्राथमिक रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद अब एक और चर्चा गर्म है। यह चर्चा ट्रस्ट की व्यवस्था में कार्य विभाजन से संबंधित है। ट्रस्ट में तत्कालीन महासचिव चंपतराय सहित 15 ट्रस्ट सदस्य थे लेकिन शायद ही इनके बीच कार्य विभाजन तार्किक ढंग से नहीं हुआ।










